थाना पिछोर पुलिस की भैंस चोर के खिलाफ कार्यवाही पिछोर पुलिस ने भैंस चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर एक सदस्य को चोरी की दो भैंसें सहित किया गिरफ्तार
आरोपी ने अपने भाई सहित अन्य साथियों के साथ भैंस चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।*
चोरी की गई दो भैंसें व घटना में प्रयुक्त एक बुलेरो मैक्स लोडिंग को जप्त किया।
ग्वालियर। 25.10.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर जिले में चोरों की धरपकड़ के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर द्वारा थाना पिछोर के अपराध क्रमांक 250/26, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत दर्ज भैंस चोरी के प्रकरण में आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश थाना प्रभारी पिछोर को दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के पालन में एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पिछोर उप निरीक्षक शिवम सिंह राजावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई दो भैंसों को एक सफेद रंग के बोलेरो मैक्स लोडिंग वाहन में लाल तिरपाल से ढककर बहादुरपुर-बरेठा-मालनपुर रोड़ पर ले जाया जा रहा है।
उक्त सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना पिछोर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां एक सफेद रंग का बोलेरो मैक्स लोडिंग वाहन क्रमांक एमपी07-जेडटी-5477 खड़ा मिला। वाहन में लाल तिरपाल से ढकी दो भैंसें लदी हुई थीं। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम रामेश्वर सिंह उर्फ आकाश खटीक, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम ऐनो, थाना एंडोरी, जिला भिण्ड बताया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने भैंस चोरी की वारदात में अपने भाई अरुण खटीक सहित अन्य साथियों की संलिप्तता बताई।
पुलिस ने मौके से चोरी की दोनों भैंसें एवं वारदात में प्रयुक्त बोलेरो मैक्स लोडिंग वाहन जप्त कर आरोपी रामेश्वर सिंह उर्फ आकाश खटीक को गिरफ्तार कर लिया। प्रकरण में नामजद अन्य आरोपियों मनीष परिहार, अरुण खटीक तथा अन्य संदिग्धों की तलाश उनके संभावित ठिकानों पर की जा रही है।
घटना का संक्षिप्त विवरणः - फरियादी हरी कुशवाह निवासी ग्राम सरनागत, थाना पिछोर, जिला ग्वालियर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 24.10.2026 की सुबह करीब 4 बजे आहट होने पर उसकी नींद खुली तो घर के अंदर बाखर में बंधी भैंसें गायब थीं तथा घर का बाहरी दरवाजा खुला हुआ था। बाहर देखने पर उसे लाल तिरपाल लगी एक सफेद लोडिंग गाड़ी तेज गति से कटारे बाबा की ओर जाती दिखाई दी, जिसमें उसकी भैंसें लदी हुई थीं। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना पिछोर में अपराध क्रमांक 250/26, धारा 331(4),305(ए) बीएनएस का प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी :- रामेश्वर सिंह उर्फ आकाश खटीक, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम ऐनो, थाना एंडोरी, जिला भिण्ड।
जप्त मशरूका :- चोरी की गई दो भैंसें व घटना में प्रयुक्त एक बुलेरो मैक्स सफेद रंग की लोडिंग गाडी नंबर एमपी07-जेडटी-5477 को जप्त किया।
सराहनीय भूमिका :- उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी पिछोर उप निरी. शिवम सिंह राजावत, आर. रमाशंकर गुर्जर, आर. महेन्द्र पटवा, आर. महेन्द्र मिश्रा, आर. भानू रावत एवं थाना गिजोर्रा टीम- थाना प्रभारी गिजोर्रा उप निरी. उपेन्द्र सिंह धाकड़, आर. मनोज जाट, आर. सत्यम गौड़ की सराहनीय भूमिका रही।
