थानेदार की हत्या से गरमाई सियासत, कटनी में कांग्रेस का सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन; माफिया राज पर उठाए सवाल

“जब पुलिस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता की सुरक्षा कैसे होगी?” – एड. अमित शुक्ला

कटनी। मध्यप्रदेश में बढ़ते माफिया आतंक और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शराब माफिया द्वारा थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की ट्रक से कुचलकर हत्या की घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर माफियाओं पर सख्त कार्रवाई और प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी कटनी शहर अध्यक्ष एड. अमित शुक्ला ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि शराब, रेत और खनिज माफियाओं के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि अपराधियों के सामने पुलिस अधिकारी तक सुरक्षित नहीं हैं। जब कर्तव्य निभाने वाले पुलिसकर्मियों को ही माफिया निशाना बना रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म होता दिखाई दे रहा है। माफियाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। कांग्रेस अब इस मुद्दे पर चुप बैठने वाली नहीं है और जनता की सुरक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

माफियाओं पर कार्रवाई से लेकर पुलिस की सुरक्षा तक उठाई मांग

कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की हत्या के सभी आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, प्रदेश में सक्रिय शराब, रेत और खनिज माफियाओं के अवैध कारोबार पर तत्काल रोक, माफियाओं को संरक्षण देने वालों की निष्पक्ष जांच तथा पुलिस अधिकारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। कांग्रेस ने कटनी जिले में भी अवैध गतिविधियों और माफिया तंत्र पर प्रभावी नियंत्रण की मांग उठाई।

प्रदर्शन में ये रहे शामिल

इस दौरान प्रेम बत्रा, राजा जगवानी, राजेश जाटव, अजय जैसवानी, श्याम पाहुजा, आफताब अहमद, विजय मंगल चौधरी, अहमद कुरैशी, राहुल होतवानी, नारायण निषाद, राजकुमार विश्वकर्मा, रमेश अहिरवार, कपिल पटेल, अंशु गुप्ता, ऋषभ पटेल, लक्ष्मी यादव, इकलाख अहमद एवं हर्षित मिश्रा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

कांग्रेस ने शासन-प्रशासन से मांग की कि माफिया तंत्र पर कठोर प्रहार करते हुए प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाए, ताकि पुलिस अधिकारियों से लेकर आम नागरिकों तक हर व्यक्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।