*टिमरनी के आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 7 में मनाया गया आंगन मिलन समारोह*
टिमरनी। आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 7 में आंगन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पार्षद रविंद्र ठाकुर रहे। कार्यक्रम के पश्चात आंगनवाड़ी केंद्र परिसर में पौधरोपण भी किया गया। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता नीतू सोलंकी ने बताया कि आंगन मिलन समारोह का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ अभिभावकों एवं समुदाय की आंगनवाड़ी गतिविधियों में सहभागिता बढ़ाना है। कार्यक्रम में बच्चों के लिए खेल, गीत, कहानी एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिससे उनके मानसिक एवं शारीरिक विकास को बढ़ावा मिले। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों को भी आंगनवाड़ी केंद्र की विभिन्न गतिविधियों से सीधे जोड़ने पर जोर दिया गया। साथ ही पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों के अभिभावकों को संतुलित पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी दी गई। इस अवसर पर आंगनवाड़ी सहायिका राधा कुशवाहा, बच्चों के परिजन एवं अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे।
हरदा से श्रीराम कुशवाहा की रिपोर्ट
