*उज्जैन में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा की बस में आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान*
*उज्जैन।* उज्जैन से करीब 15 किमी दूर रामवास क्षेत्र में मंगलवार दोपहर 12:15 बजे उज्जैन से इंदौर जा रही बस में अचानक आग लग गई। बस में करीब 12 यात्री सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रामवास क्षेत्र में बस का टायर फट गया था। इससे बस अनबैलेंस हुई और इसी दौरान उसमें आग लग गई। आग लगते ही धुआं उठने लगा, जिससे यात्री घबरा गए और बस से कूदकर बाहर आ गए। इसके कुछ ही मिनट बाद पूरी बस आग की चपेट में आ गई। हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की जानकारी नहीं है।
घटना की सूचना मिलने के करीब पौन घंटे बाद चार फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी और सिर्फ चेचिस बची। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
*बस सीएम सेवा की थी या सूत्र सेवा की?*
जलने वाली बस की पहचान को लेकर कलेक्टर और RTO के बयान अलग हैं। बस पुरानी डीजल इंजन वाली है। उस पर भगवा रंग का रेडियम चढ़ा था और कांच पर 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा' लिखा हुआ था। सामने आए वीडियो में भी बस के आगे 'मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा परिवहन' लिखा दिखाई दे रहा है। हालांकि उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह ने कहा कि यह किसी प्राइवेट ऑपरेटर की बस थी।
वहीं उज्जैन RTO संतोष मालवीय ने बताया कि जलने वाली बस सूत्र सेवा की गाड़ी थी। RTO के मुताबिक इस बस को हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के कार्यक्रम के लिए भोपाल ले जाया गया था।
*गडकरी ने 25 सितंबर को किया था सेवा का शुभारंभ*
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का प्रदेश स्तर पर शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को भोपाल के बीएचईएल दशहरा मैदान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने किया था। इस दौरान 7 प्रमुख शहरों के लिए 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को हरी झंडी दिखाई गई थी।
*उज्जैन को मिली हैं 10 बसें*
उज्जैन को धार्मिक पर्यटन के लिए 10 बसें मिली हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 सितंबर को महाकाल लोक से पीएम ई-बस सेवा और उज्जैन दर्शन सेवा का शुभारंभ कर इन बसों को रवाना किया था। News 24 ×7 India Deepak Tiwari district reporter Rewa
