*झाबुआ अमित सिंह जादौन* -जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और समाज के उत्थान का दिया संदेश, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद झाबुआ। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम, झाबुआ में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ जयंती समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद श्री गुमान सिंह डामोर सहित जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन कर उनके संघर्षपूर्ण जीवन और समाज के प्रति योगदान को याद किया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद श्री गुमान सिंह डामोर ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका संघर्ष, साहस और समाज के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जनजातीय समाज की अस्मिता, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए भगवान बिरसा मुंडा द्वारा किए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कविता सिंगार ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेने और समाज में एकता, शिक्षा एवं जागरूकता को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि समाज की प्रगति के लिए सभी को मिलकर सकारात्मक प्रयास करने चाहिए तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजकर रखना चाहिए। मंडल अध्यक्ष श्री अंकुर पाठक ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन राष्ट्रभक्ति, संघर्ष और स्वाभिमान का प्रतीक है। उनके विचार आज भी युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। नगर अध्यक्ष श्री मनोज अरोरा ने भी अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और समाज को संगठित करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम के संगठन मंत्री कैलाश जी भाबर, अजजा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष भूपेश सिंगोड़, मंडल महामंत्री जुवान सिंह गुंडिया, मंडल मंत्री किशोर भाबर, उपाध्यक्ष श्रीमती शोभा कटारा, अजय अमारु डामोर एवं शरत शास्त्री सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन जनजातीय गौरव, सामाजिक चेतना, स्वाभिमान और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की अमर मिसाल है। उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
