शेख़ आसिफ़ रिपोर्टर
खंडवा।वस्त्र विक्रेता संघ खंडवा का दीपावली,ईद,गुरु पर्व मिलन समारोह संपन्न हुआ।इसी कार्यक्रम में नवीन कार्यकारिणी ने शपथ ग्रहण की।
वस्त्र विक्रेता संघ के कमल नागपाल ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जसवाड़ी रोड स्थित शुभ परिसर में गत रात्रि आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंडवा लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल थे,वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में खंडवा विधायक श्री देवेंद्र वर्मा,नगर पालिक निगम महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव,वरिष्ठ वस्त्र व्यवसाई श्री जवाहरलाल सोमानी(इंदौर) और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कंचन मुकेश तनवे थे।अधिष्ठापन अधिकारी के रूप में पूर्व निमाड़ चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री गुरमीत सिंह उबेजा थे।
अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर और दादा जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
स्वागत बेला में परम्परा अनुसार अतिथियों का वस्त्रांबर से स्वागत किया गया।संस्था की ओर से हरमिंदर सिंह छाबड़ा,मोहन दीवान,श्रीमती वीणा शाह,गणेश गुरबाणी,राजीव बाहेती,श्रीमती राजेंद्र कौर छाबड़ा,मुदित जेटली,हनी छाबड़ा,संतोष कुमरावत,कमल नागपाल,एम यूनुस और भागचंद जैन आदि ने वस्त्रांबर से स्वागत किया।
संस्था को सक्रिय बताया
आयोजन में मुख्य अतिथि सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि वस्त्र व्यवसाय से संलग्न व्यवसाई भी किसी न किसी रूप में समाज की सेवा ही कर रहे हैं।व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों का निर्वाहन कर संस्था अपनी एक विशिष्ट छाप बनाए हुए हैं।
विधायक श्री देवेंद्र वर्मा ने चेंबर ऑफ कॉमर्स की 41 सदस्य संस्थाओं में से सर्वाधिक सक्रिय संस्था घोषित करते हुए कपड़ा व्यापारियों की संस्था के समस्त सदस्यों को बधाई दी।
सक्रिय सदस्यों का सम्मान
निवृत्तमान अध्यक्ष हरमिंदर सिंह छाबड़ा ने अपने कार्यकाल के दौरान निरंतर सक्रिय रहने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया।सक्रियता सम्मान हरवंत सिंह छाबड़ा,राजीव शाह,बशीर मलिक,रवि शाह,कमल नागपाल, अनिल मंगवानी,रविंदर सिंह चावला,राजीव बाहेती और मुदित जेटली ने प्राप्त किए।उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से इन सभी की सक्रियता को सलाम किया।वहीं श्री छाबड़ा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए नवीन कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।
वस्त्र विक्रेता संघ खंडवा द्वारा जरूरतमंद परिवारों के लिए पूर्व में जारी डायलिसिस में छूट के कूपन वाली सुविधा विगत कोरोना कार्यकाल से रोक दी गई थी।जनता की जरूरत को देखते हुए इसे पुनः प्रारंभ करने का प्रयास किया जा रहा है। डायलिसिस प्रोजेक्ट के बारे में संस्था के निवृत्तमान अध्यक्ष श्री हरमिंदर सिंह छाबड़ा और उपाध्यक्ष श्री रवि शाह ने अतिथियों को जानकारी दी,जिस पर सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल द्वारा ₹11000,विधायक श्री देवेंद्र वर्मा द्वारा ₹11000 की आर्थिक सहायता की घोषणा की गई।इंदौर से पधारे वरिष्ठ वस्त्र व्यवसाई और समाजसेवी श्री जवाहरलाल सोमानी ने अपनी ओर से ₹25000 की धनराशि इस मद में देने की घोषणा की।जिसका उपस्थित वस्त्र व्यवसाईयों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री उबेजा ने भी इस परोपकारी अभियान में अधिक से अधिक सहयोग करने का आश्वासन दिया।
अपने उद्बोधन में इंदौर से पधारे वरिष्ठ समाजसेवी एवं वस्त्र व्यवसाई श्री जवाहर लाल सोमानी ने वस्त्र विक्रेता संघ खंडवा द्वारा जारी सेवा अभियान का उल्लेख करते हुए संस्था को सक्रिय बताया।सांसद महोदय ने सहयोगियों के साथ नवागत अध्यक्ष का शाल और पुष्पहार से अभिनंदन भी किया।
