विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर के मुख्य आतिथ्य में विजय दशमी पर वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच डीआरपी लाइन में हुआ शस्त्र पूजन
शक्ति को समर्पित विजय दशमी महापर्व का भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व - श्री तोमर
एपेक्स बैंक प्रशासक,जीडीए व मेला अध्यक्ष भी हुए शस्त्र पूजन में शामिल
संभागीय कमिश्नर, कलेक्टर व एसएसपी ने भी यज्ञ में आहुतियाँ देकर किया शस्त्र-पूजन
ग्वालियर 20अक्टूबर 2026/ भारतीय सनातन संस्कृति में गहरे तक रची-बसी प्राचीन शस्त्र-पूजन परंपरा के अनुरूप दशहरा पर्व पर ग्वालियर में राज्य शासन के दिशा निर्देशों के तहत शस्त्रों की पूजा की गई। यहां डीआरपी लाइन स्थित पुलिस शस्त्रागार परिसर में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में जिले का मुख्य शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर ने इस अवसर पर सभी को विजयदशमी की बधाई एवं शुभकामनायें दीं। साथ ही कहा कि भारतीय संस्कृति एवं जनमानस में शक्ति को समर्पित विजय दशमी पर्व का विशेष महत्व है। यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय के साथ-साथ शक्ति की आराधना का भी पर्व है। उन्होंने माता रानी एवं ईश्वर से प्रार्थना की कि यह महापर्व देश को और सशक्त, समृद्ध व यशस्वी बनाए। अपेक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र यादव, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मधुसूदन सिंह भदोरिया, मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अशोक जादौन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजोरिया, पूर्व विधायक श्री रामबरन गुर्जर, साडा उपाध्यक्ष श्री हरीश मेवाफरोश, मेला उपाध्यक्ष श्री उदयवीर सिंह गुर्जर व जीडीए के उपाध्यक्ष श्री सुधीर गुप्ता सहित अन्य प्रतिनिधिगण, संभाग आयुक्त श्री मनोज खत्री,कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह भी इस शस्त्र-पूजन में शामिल हुए। बुराई पर अच्छाई की जीत के महापर्व विजय दशमी पर डीआरपी लाइन में आयोजित हुए कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने सनातन संस्कृति के विधि-विधानों के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच यज्ञ में पवित्र आहुतियाँ देकर शस्त्र पूजन किया। इसके बाद मंगल आरती की गईं। इसी क्रम में शक्ति पूजा की अन्य रश्म भी निभाई गईं। इस बार भी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की पहल पर प्रदेश में विजय दशमी पर्व पर सरकार और समाज की भागीदारी से शस्त्र पूजन किया गया। राज्य सरकार द्वारा लिए गए निर्णय के तहत विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में इस साल दशहरा पर्व पर ग्वालियर में डीआरपी लाइन में शस्त्र-पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत के सीईओ श्री सोजान सिंह रावत, आयुक्त नगर निगम श्री अभिषेक चौधरी,अपर आयुक्त नगर निगम श्री टी प्रतिक राव , एमपीआईडीसी की प्रबंध निदेशक श्रीमती अनीशा श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर व एसपी लोक आयुक्त श्री निरंजन शर्मा सहित अन्य पुलिस अधिकारी इस अवसर पर उपस्थिति थे। हाल ही में शीतला माता मंदिर के समीप हुई दुखद दुर्घटना की वजह से इस बार शस्त्र पूजन के बाद हर्ष फायर नहीं किए गए।
