विंध्य एक्सप्रेस-वे की इंटरचेंज रोड पर किसानों का फूटा आक्रोश, बोले– विकास चाहिए, लेकिन उजड़ने नहीं देंगे अपने आशियाने!

सांसद प्रवीण पटेल को ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, आबादी, दलित बस्तियों और पुश्तैनी जमीन पर मंडराते खतरे को लेकर जताई चिंता; 28 नवंबर को सांसद करेंगे प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण

फूलपुर। विंध्य एक्सप्रेस-वे की प्रस्तावित इंटरचेंज रोड को लेकर ग्रामीणों और किसानों का विरोध तेज हो गया है। सड़क निर्माण की प्रस्तावित योजना से कई गांवों की आबादी, दलित बस्तियों और किसानों की पुश्तैनी जमीन प्रभावित होने की आशंका के बीच ग्रामीणों ने लामबंद होकर अपनी आवाज बुलंद की। आक्रोशित किसानों ने फूलपुर सांसद प्रवीण पटेल को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित इंटरचेंज रोड का स्थान बदलने की मांग उठाई।

ग्रामीणों के मुताबिक प्रस्तावित इंटरचेंज रोड रुदापुर, देवनहरी, उमरियाम और तिथरा सहित आसपास के गांवों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। सड़क निर्माण से कई परिवारों के मकान, गांवों की बसाहट और पीढ़ियों से चली आ रही पुश्तैनी जमीन प्रभावित होने की आशंका है। ग्रामीणों ने मांग की कि इंटरचेंज रोड को मौजूदा प्रस्तावित स्थान से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त जगह बनाया जाए, ताकि विकास कार्य के साथ ग्रामीणों के घर और जमीन भी सुरक्षित रह सकें।

इस दौरान संतोष उपाध्याय ने कहा कि ग्रामीण विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर किसानों को उजाड़ना उचित नहीं है। सड़क का रास्ता बदला जा सकता है, लेकिन उजड़े हुए घर, बिखरते परिवार और पीढ़ियों से संजोकर रखी गई पुश्तैनी विरासत को दोबारा बसाना आसान नहीं होता।

ग्रामीणों ने सांसद के समक्ष अपनी समस्याएं विस्तार से रखते हुए प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की। इस पर सांसद प्रवीण पटेल ने आश्वासन दिया कि वे 28 नवंबर को प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण करेंगे और किसानों की समस्याओं को शासन स्तर तक पहुंचाकर समाधान कराने का प्रयास करेंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान आशुतोष तिवारी, देवराज उपाध्याय, अनिल त्रिपाठी, प्रदीप यादव, सत्यम हिंदू, विमल मिश्रा, हिमांशु यादव, अमन पटेल, विकास आहूजा, अमित यादव, जगदीश यादव और रजनीश पांडे सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

अब ग्रामीणों की निगाहें 28 नवंबर को होने वाले स्थलीय निरीक्षण पर टिकी हैं। किसानों को उम्मीद है कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार होगा और ऐसा वैकल्पिक रास्ता निकलेगा, जिससे विंध्य एक्सप्रेस-वे का विकास भी आगे बढ़े और गांवों की आबादी, किसानों के मकान तथा पुश्तैनी जमीन भी सुरक्षित रह सके।